जयपुर। राजस्थान में गर्मी के तेवर तीखे हो गए हैं। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज धूप और लू (Heatwave) से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। रविवार को चूरू, चित्तौड़गढ़ और कोटा में पारा 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि 10 से अधिक शहरों में तापमान 40 से 41 डिग्री के बीच दर्ज किया गया।

कोटा में सड़कों पर पानी का छिड़काव

भीषण गर्मी को देखते हुए कोटा नगर निगम ने राहत के लिए सड़कों पर टैंकरों से पानी का छिड़काव करवाया। वहीं, जोधपुर में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक यानी 40 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। दिनभर तेज धूप के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।

हीटवेव का येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने सोमवार को जयपुर सहित छह जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में भीषण लू चलने की आशंका है। पिछले 24 घंटों में झुंझुनू, भरतपुर, अलवर और धौलपुर में लू ने लोगों को बेहाल कर दिया। उत्तरी राजस्थान में बादलों की आवाजाही के बावजूद गर्मी से कोई राहत नहीं मिली।